उरई। झांसी-कानपुर रेलमार्ग के उसरगांव से कालपी के बीच चल रहे ट्रैक दोहरीकरण के चलते पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेन ट्रैफिक ब्लॉक में फंस गई।
उरई स्टेशन पर डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक ट्रेन खड़ी रही। इसी दौरान एक महिला यात्री की हालत बिगड़ गई। रेलवे के चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर उसका इलाज किया।
आरपीएफ ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट मंडलीय अधिकारियों को दी है।
उसरगांव कालपी सेक्शन में कार्यदाई संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से बुधवार की दोपहर 1:30 बजे से 4:10 बजे तक पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। इसके चलते पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेन नंबर
12103 को उरई रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
ट्रेन उरई स्टेशन पर रुकी थी तो कोच नंबर एस 9 की सीट नंबर 65 पर सवार देवरिया निवासी संगीता (50) की हालत बिगड़ गई।
संगीता के पति संजय राय ने इसकी सूचना टिकट निरीक्षक को दी। इसके बाद डॉक्टर एके सिंह ने मौके पर पहुंच जांच की तो महिला को बुखार के साथ उल्टी भी हो रही थी।
ट्रैफिक ब्लॉक के चलते ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल को उसरगांव स्टेशन और बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल को चौराहा स्टेशन पर रोका गया।
पुणे से लखनऊ जाने वाली ट्रेन को उरई रेलवे स्टेशन से दोपहर 3:10 बजे रवाना कर दिया गया। इस ट्रेन को सरसौखी, आटा, उसरगांव स्टेशन पर भी रोका गया।
ट्रेन को बार-बार रोके से यात्रियों में नाराजगी रही।
यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन को लखनऊ सवा एक बजे पहुंचना था लेकिन अब रात आठ बजे लखनऊ पहुंचेगी। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे का कहना है कि ट्रैक दोहरीकरण के कारण कार्यदाई संस्था ने ब्लॉक लिया था।