कोंच। पहली पत्नि से तलाक का मामला न्यायालय से निस्तारित होने से पहले ही दूसरी शादी रचा रहे युवक की एसडीएम से शिकायत करते हुए उसकी पहली पत्नी के माता पिता ने कार्रवाई की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने शुक्रवार को ही होने जा रही इस दूसरी शादी को तत्काल रोके जाने के आदेश देते हुए कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए। उधर पुलिस ने दुल्हन बनी युवती के पिता और भाई से भी लिखित में ले लिया है कि वह मामला निस्तारित हुए बिना शादी नहीं करेंगे। पिता ने साफतौर पर अपनी बेटी की उक्त युवक के साथ शादी करने से मना कर दिया है।
आगरा निवासी पंकज प्रजापति की पहली शादी 2 मार्च 2020 को नई दिल्ली निवासी रामचरण की पुत्री प्रीति के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पंकज और प्रीति के बीच तलाक का मामला न्यायालय में पहुंच गया। न्यायालय में अभी इस मामले में कोई फैसला नहीं हो सका है। लेकिन पंकज शुक्रवार को कोंच नगर के मोहल्ला आजादनगर निवासी एक युवती से दूसरी शादी करने के लिए आगरा से बारात लेकर आने वाला था। स्थानीय गहोई भवन में शाम तक शादी की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और लड़की पक्ष के रिश्तेदार भी जमा हो गए थे। खाने का दौर चल रहा था और बारात आने की प्रतीक्षा की जा रही थी, इसी दरम्यान पहली पत्नी के पिता रामचरण और मां एसडीएम के समक्ष जा पहुंचे और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम अंगद सिंह यादव ने तत्काल इस शादी को रोके जाने के आदेश जारी कर दिए। समाचार लिखे जाने तक आगरा से बारात अभी नहीं आ सकी थी।