तीसरे चरण के जिला पंचायत चुनाव के लिए दाखिल हुए नामांकन पत्रों की गुरुवार को गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने नामांकन पत्र के प्रत्येक बिंदु को जांचा। डीएम व एसपी ने भी आज नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया और नामांकन पत्रों की जांच के कार्य की स्थिति जानी।
गौरतलब है कि तीसरे चरण का नामांकन बुधवार को समाप्त हो गया था। तीसरे चरण की पांच जिला पंचायत सीटों के लिए कुल 99 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें कई प्रत्याशी पूर्व विधायक व सांसद के परिवार से भी हैं।
गुरुवार को इन नामांकन पत्रों की जांच का काम शुरू हो गया। सुबह से ही नामांकन पत्रों की जांच की गई और पत्रों के हर बिंदु को गहनता से जांचा गया। दोपहर 12 बजे के बाद जिलाधिकारी रामगणेश व एसपी एन कोलांची ने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने नामांकन पत्रों के जांच की स्थिति देखी और जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरते जाने के निर्देश दिए। दिन भर नामांकन पत्रों के जांच का दौर चलता रहा।