उरई/आटा। जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को अवैध रूप से दवाइयां बांटने और बिना वैध दस्तावेज के इलाज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
डिप्टी सीएमओ डॉ. उमेश कुमार ने सुबह करीब 11:30 बजे इटौरा क्षेत्र में एक एंबुलेंस के अंदर दवाइयां रखकर लोगों को बांटते कुछ कर्मचारियों को पकड़ा। उन्हें वाहन समेत चौकी भेजा गया।
जांच में दवाइयां वितरण के लिए सीएमओ कार्यालय से कोई अनुमति पत्र नहीं मिला। कर्मचारियों के पास न तो कोई लिखित आदेश था और न ही उपलब्ध दस्तावेजों में पंजीकरण नंबर दर्ज था। सभी कर्मचारी मास्क लगाकर दवाइयां बांट रहे थे। ग्राम प्रधान से जानकारी करने पर पता चला कि उनके स्तर से इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
मामले की जानकारी सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद को दी गई। सीएमओ के निर्देश पर पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस और उसमें मौजूद कर्मचारियों को विधिक कार्रवाई के लिए इटौरा चौकी भेज दिया गया। साथ ही प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं, इटौरा में ही झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से एक व्यक्ति के हाथ में कमजोरी आने की शिकायत पर डिप्टी सीएमओ ने एक दुकान का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्ति दुकान का शटर बंद कर भाग गया। फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद डॉ. उमेश कुमार ने आसपास के लोगों की मदद से डॉ. योगेश प्रनामी की दुकान के शटर पर नोटिस चस्पा कराया।
नोटिस के माध्यम से संबंधित व्यक्ति को दो कार्यदिवस के भीतर चिकित्सकीय कार्य के वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।