जालौन-झांसी-ललितपुर सीट पर समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद प्रत्याशी रमा
निरंजन को चुनाव लड़वाने के लिए रणनीति बनाना शुरू कर दी है। इसके लिए
जिलाध्यक्ष चौधरी धीरेंद्र, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी की अगुवाई में
जिला चुनाव संचालन समिति का शुक्रवार को गठन कर लिया गया। इस दौरान ब्लाक
स्तर पर सभी पूर्व बीडीसी, ब्लाक प्रमुख और प्रधानों के
संयोजन से
कमेटियाें का गठन भी किया गया है। ये जानकारी एमएलसी प्रत्याशी के
प्रतिनिधि एवं पति आरपी निरंजन ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। जिलाध्यक्ष
चौधरी धीरेंद्र यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी ने रणनीति पर
काम शुरू कर दिया है। जिला कमेटी का गठन कर ब्लाक स्तर पर समन्वयक समितियों
का गठन किया जा रहा है। वहीं, पूर्व सांसद
घनश्याम अनुरागी ने कहा कि
प्रधानी, बीडीसी, ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा
कार्यकर्ताओं की मदद से पार्टी ने जीत का परचम लहराया। अब एमएलसी चुनाव के
लिए सभी पूर्व बीडीसी, वर्तमान प्रधान, ब्लाक प्रमुख, निकाय प्रतिनिधि,
जिला पंचायत सदस्यों से संपर्क किया जा रहा है। जिला स्तर पर चुनाव संचालन
समिति का गठन किया गया है
जिसमें पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, पूर्व जिला
पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व विधायक
माधौगढ़ शिवराम कुशवाहा, पूर्व विधायक कालपी अरुण महरोत्रा, पूर्व
जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव, वरिष्ठ सपा नेता हाजी अनीस खान समेत 16
लोगों को शामिल किया गया है। जिला कमेटी ने बैठक कर ब्लाक स्तर पर भी अपनी
टीम बना ली है।
बालू कारोबारियों से नहीं कोई संबंध
जालौन-झांसी-ललितपुर
एमएलसी सीट के लिए सपा की प्रत्याशी रमा निरंजन के प्रतिनिधि आरपी निरंजन
ने कहा कि उनका बालू कारोबारियों से कोई सरोकार नहीं है और न ही वह उनके
पैसों से यह चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय का यह
आरोप पूरी तरह गलत है। कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विकास परक
योजनाओं को लेकर वे जन प्रतिनिधियों से संपर्क करेंगे।