उरई। लंबे समय से एक ही थाने में तैनात प्रभारियों की तैनाती में सोमवार रात एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने फेरबदल कर दिया। आठ निरीक्षकों व चार उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
एसपी कार्यालय से जारी सूची के अनुसार डकोर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौहान को नदीगांव थाने का प्रभारी बनाया है। माधौगढ़ कोतवाली के प्रभारी बृजेश बहादुर सिंह को डकोर, कैलिया के प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू को माधौगढ़ कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। चौकी प्रभारी तिलक नगर उरई उपनिरीक्षक अवनीश कुमार को थानाध्यक्ष कैलिया, पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अंजन कुमार सिंह को उरई कोतवाली का प्रभारी बनाया है।
उरई कोतवाली के प्रभारी अरुण कुमार को कुठौंद थाने का प्रभारी बनाकर भेजा गया है। कुठौंद थाना प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी को जालौन कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। जालौन कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह को कोंच कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। विजय कुमार पांडेय को कोंच से हटाकर अतिरिक्त निरीक्षक, साइबर क्राइम थाना बनाया गया है। उपनिरीक्षक शिव कुमार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक उरई कोतवाली बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात रमाशंकर तिवारी को राजेंद्र नगर चौकी प्रभारी बनाया है। (संवाद)