फोटो - 10 पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सौरभ। स्रोत-विभाग
- फोटो : एसआईआर के बाद बसपा जिलाध्यक्ष को मतदाता सूची देते सीडीओ।
जालौन। घर में अलग रहने को लेकर हुए विवाद के बाद पुत्र ने पिता के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उन्हें घायल कर दिया था। इलाज के दौरान पिता की मृत्यु होने के बाद मां ने कोतवाली में बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गांव के बाहर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगतपुरा निवासी संदीप कुमार (45) का बड़ा बेटा सौरभ मानसिक रूप से बीमार रहता था। उसका इलाज भी चल रहा था। पिछले कुछ समय से वह दवा का सेवन नहीं कर रहा था। सात अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे पिता-पुत्र घर में अकेले थे। इसी दौरान अलग रहने और खाना बनाने को लेकर पिता व बेटे के बीच विवाद हो गया। हाथापाई के दौरान बेटे ने लोहे की रॉड से पिता के सिर पर हमला कर दिया था।
हमले में घायल संदीप कुमार को परिजन जिला अस्पताल फिर झांसी इलाज के लिए ले गए। इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई थी। मां अमरवती की तहरीर पर पुलिस ने सौरभ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
एसआई अमर सिंह ने आरोपी बेटे सौरभ को उसके गांव के बाहर स्कूल के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल हरिशंकर चंद्र का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।