कोंच। पिछले दिनों कैलिया में रतनगढ़ देवी मेले में आयोजित भंडारे में एसओ महेश दुबे द्वारा हंगामा किए जाने की शिकायत कई श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक से की थी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ महेश दुबे को लाइन हाजिर कर दिया।
गौरतलब है कि 29 अक्तूबर की देर रात कैलिया में भंडारे और मेले के बीच पहुंची पुलिस ने सख्ती बरतते हुए वहां चल रहे आयोजन को बंद करा दिया था। इससे आयोजकों व पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने बिना किसी सूचना के वहां चल रहे कार्यक्रम को न केवल बंद करा दिया था बल्कि भंडारे के बर्तन और दोना-पत्तल भी फेंक दिए थे और बेकसूर लोगों पर लाठियां तक भांजी थी।
इससे आक्रोशित श्रद्धालुओं ने मामले की शिकायत पुलिस कप्तान से की थी। उन्होंने थानाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। मामले को गंभीरता से लेकर पुलिस अधीक्षक ने गोपनीय जांच कराई और शनिवार को एसओ को दोषी मानते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में हर्ष है।