कालपी/आटा (उरई)। कानपुर से सूरत जा रही ओवरलोड स्लीपर बस रविवार को उसरगांव के पास डंपर को ओवरटेक करते समय खाई में पलट गई। बस में सवार करीब 70 सवारियों में से 22 जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद बस चालक और उसका सहयोगी भाग निकले। यात्रियों का कहना है कि दोनों नशे में थे और विवाद कर रहे थे। बस कानपुर के सीसामऊ निवासी ओम प्रकाश सदवानी के नाम है। बस का ओवरलोडिंग और ओवर स्पीडिंग में 32 बार चालान हो चुका है। इसके बावजूद बस धड़ल्ले से दाैड़ रही थी। चालान को दो लाख रुपये भी बस ने नहीं चुकाया है।
कानपुर के फजलगंज से रविवार की रात एक स्लीपर बस सूरत जा रही थी। बस चालक ने कानपुर देहात के भोगनीपुर से सवारियां बैठाना शुरू किया। इसके बाद कालपी और जोल्हूपुर मोड़ तक पहुंचते-पहुंचते बस में 70 सवारियां हो गईं, जबकि नियमानुसार 42 से ज्यादा यात्री नहीं बैठाए जा सकते हैं। उसरगांव के पास डंपर को ओवरटेक करने के चक्कर में बस चालक संतुलन खो बैठा। इसके बाद बस खाई में जा गिरी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने सभी यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में कानपुर देहात, इटावा और जालौन के लोग शामिल हैं। यात्रियों ने बताया कि जोल्हूपुर मोड़ से ही चालक व हेल्पर आपस में विवाद करने लगे थे। दोनों शराब के नशे में थे। सवारियों ने उन्हें मना भी किया, लेकिन वह नहीं माने। उसरगांव के पास वह डंपर को ओवरटेक करने लगे तो सवारियों ने उन्हें रोका पर कुछ ही क्षणों में हादसा हो गया। हादसे बाद चालक व हेल्पर मौके से भाग निकले। एसडीएम मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।
..................
32 चालान का दो लाख रुपये बकाया
हादसे की जांच की जा रही है। बस कानपुर के सीसामऊ निवासी ओम प्रकाश सदवानी के नाम है। इसके दो लाख रुपये के 32 चालान हैं। इसमें ज्यादातर ओवरलोड और ओवरस्पीड के हैं।
- एके सिंह, सीओ
इनसेट
यह लोग हुए घायल
हादसे में कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के श्याम सुंदरपुर गांव निवासी अमन बाबू (15), उमरिया निवासी रवींद्र (20),ऊदल (30), मलासा निवासी अजय सिंह (42), बीलापुर नगीना (50), मुस्कान (16), खुशनसीब (12), मूसा नगर के ग्राम भरतौली निवासी दीपेंद्र कुमार (20), रामकिशोर (20), भितरगांव थाना जखल जरसौल निवासी जीतू (18), कदौरा थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी अनुष्का (05) परम का पुरवा निवासी सचिन (21) ग्राम बक्शी का डेरा थाना सिकंदरा निवासी धर्मेंद्र (30), कार्तिक (13), रामश्री (28), थाना अमराहट के करियापुर निवासी सिपाही लाल, धर्मेंद्र, इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के सराई मिरठे निवासी अंकुश (11), आकाश (17), सतीश बाबू (16) सुनीता (35) और पुष्पेंद्र (18) घायल हो गए।
इलाज के बाद सामान खोजने पहुंचे घायल
आटा। बस में करीब साठ से अधिक यात्री सवार थे, जैसे ही हादसा हुआ तो वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। इलाज के बाद घायल यात्री फिर से घटनास्थल पर पहुंचे और अपने सामान को खोजते नजर आए। कदौरा थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी जाहर सिंह ने बताया कि वह जोल्हूपुर से सूरत जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी गीता व तीन बच्चे थे। चार किलोमीटर चलने के बाद ही हादसा हो गया। गनीमत रही कि ज्यादा चोट नहीं आई है। दूसरी बस से सूरत जाएंगे।
शीशा तोड़कर निकलने यात्री तब बची जान
आटा। यात्रियों की माने तो भोगनीपुर से करीब 30 सवारियां बस में सवार हो गईं थी। उसरगांव के पास बस खाई में गिरी तो यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। किसी ने शीशा तोड़कर अपने आप को बचाया तो किसी ने सवारियों के ऊपर चढ़कर जान बचाई। भोगनीपुर के निवासी सचिन और उनके मामा लालजी का कहना है कि वह सूरत जा रहे थे। जैसे ही बस हादसे का शिकार हुई तो हर तरफ चीख सुनाई दे रही थी।