कालपी। हाईवे पर जोल्हूपुर मोड़ चौराहे के समीप आधा दर्जन दुकानों में अराजकतत्वों ने आग लगा दी, जिससे दुकानों मे रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने दुकानों में लगी आग बुझाई। दुकानदारों का आरोप है कि रंजिशन दुकान में आग लगाई गई है। कोतवाल मानिकचंद्र पटेल का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, न ही आग के कारणों का पता चल सका है। जांच की जा रही है।
मालूम हो कि लॉकडाउन के चलते जोल्हूपुर मोड़ पर सभी ढाबे व दुकानें बंद है। रविवार रात अराजकतत्वों ने भदौरिया होटल के समीप दुकानों में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख आसपास रहने वाले लोग आग बुझाने दौड़ेे और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दमकल की टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया।
आग से कृष्णा मोटर पार्ट्स का छह लाख, कमल टायर का डेढ़ लाख, आनंद जनरल स्टोर का चार लाख, गुलाब कमानी व इमरान की दुकानों में एक एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कृष्णा मोटर पार्ट्स के मोंटी व कमल टायर के कमल कुमार का आरोप है कि किसी ने साजिश के तहत आग लगाई है। कालपी कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।