सिग्नल फेल होने पर राप्ती सागर ट्रेन के चालक को मेमो देता कर्मचारी।
- फोटो : ORAI
उरई(जालौन)। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के काम में लगी जेसीबी से सिग्नल का केबल कट गया। इससे उरई स्टेशन पर सिग्नल फेल हो गए। इसी बीच गोरखपुर से यशवंतपुर को जाने वाली राप्ती सागर एक्सप्रेस (02591)आ गई। सिग्नल न मिलने पर वह उरई स्टेशन के होम सिग्नल पर खड़ी हो गई। बाद में स्टेशन मास्टर की अनुमति से मैनुअल सिग्नल देकर ट्रेन को रवाना किया गया। इससे राप्ती सागर करीब पच्चीस मिनट खड़ी रही।
रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की ओर से झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के अंतर्गत उरई स्टेशन पर यार्ड का काम चल रहा था। इस दौरान आरवीएनएल की जेसीबी से होम सिग्नल के पास शनिवार की दोपहर 3:10 बजे सिग्नल विभाग का केबल कट गया। इससे गोरखपुर से यशवंतपुर जाने वाली राप्ती सागर एक्सप्रेस को सिग्नल न मिलने पर चालक ने ट्रेन रोक दी। चालक ने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर एसके खरे से वॉकी टॉकी से बात की। स्टेशन मास्टर ने प्वाइंट्स मैन को सतर्कता आदेश देकर भेज दिया। ट्रेन को मैनुअल सिग्नल देकर रवाना किया गया। इस बीच होम सिग्नल पर दोपहर 3:20 से 3:45 बजे तक ट्रेन खड़ी रही। सिग्नल विभाग के कर्मचारियों ने केबल ठीक किया। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की।
इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि सिग्नल विभाग, आरवीएनएल के अधिकारियों के साथ संयुक्त नोट तैयार कर मंडलीय अधिकारियों को भेजा जा रहा है। जेसीबी संचालक से रेलवे नियमों के तहत क्षतिपूर्ति वसूली जाएगी।