नगर पंचायत रामपुरा में हाल ही में 22 लाख की लागत से नवनिर्मित नाला पहली ही बारिश में बह गया। नाले को मानक विहीन बनवाए जाने का आरोप लगाकर सपा नेताओं व ग्रामीणों ने शुक्रवार को मेन चौराहे स्थित बस स्टैंड पर नारेबाजी की। इसके साथ ही जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की। नगर पंचायत की ओर से रामपुरा टाउन
एरिया में मानकविहीन निर्माण कार्य हो रहे हैं। अधिकारियों व ठेकेदारों की साठगांठ के चलते जमकर धांधली की जा रही हैं। नगर पंचायत की ओर से हाल ही में भैरव जी मार्ग पर गुदी माता मंदिर से लेकर भैरव जी की पुलिया तक नाला निर्माण कराया गया था ताकि बरसात के वक्त जलनिकासी के लिए लोगों को परेशानी का सामना न करना पडे़। आनन-फानन में
बनवाए गए नाले में जमकर मानकों की अनदेखी की गई। स्थिति यह रही कि अफसरों व ठेकेदारों ने साठगांठ करके निर्माण कार्यों में शासनादेशों को ताक पर रख दिया। लिहाजा स्थिति यह रही कि पिछले दो दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश में नाला बह गया। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने शुक्रवार को अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ
ही सपा नेता तेजपाल सिंह, सुखवीर सिंह समेत इत्यादि ग्रामीणों ने डीएम संदीप कौर को इस संबंध में शिकायती पत्र भेजा। इसमें स्पष्ट रूप से बताया गया कि पंचायत में बनवाए गए नाले में जमकर धांधली की गई। इसी वजह से नाला पहली बारिश में ही बह गया। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खटीक का कहना है कि अधिक बारिश के चलते नाला बहा है। शीघ्र ही नाला का निर्माण दोबारा कराया जाएगा।