बाजार में दुकानदारों को सोशल डिस्टेंस का निर्देश देते एसडीएम व सीओ ।
- फोटो : ORAI
जालौन। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने शर्तों के साथ बाजार खोलने के लिए नियम बनाए हैं। बुधवार को नियमों का उल्लंघन करने पर छह दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। उधर, कदौरा में गारमेंट्स संचालक पर जुर्माने के साथ मामला भी दर्ज किया गया।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला के नेतृत्व में सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र, चौकी प्रभारी संजीव कुमार दीक्षित ने बाजार में भ्रमण कर लोगों को कोरोना के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान एसडीएम को चार दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता हुआ नहीं मिला। इस पर एसडीएम ने पंकज दीक्षित, विशाल कुमार समेत नगर के चार दुकानदारों पर कार्रवाई की।
इसके अलावा बुधवार को बाएं साइड का बाजार खुलना था। दो दुकानदार ऐसे मिले जो दाएं साइड की दुकानें खोलकर सामान बेच रहे थे। इनके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनसे अर्थदंड वसूला गया। एसडीएम ने बताया कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संवाद न्यूज एजेंसी कदौरा के अनुसार, नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस ने बुधवार को लॉकडाउन उल्लंघन में 20 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की। मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चतेला व हरचंदपुर तिराहा में बगैर मास्क लगाए 20 लोगों पर कार्रवाई कर पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला। एक गारमेंट्स संचालक पर जुर्माने के साथ मामला भी दर्ज किया गया। इस दौरान नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह, एस आई सत्यदेव धीरज पटेरिया, कांस्टेबल आशीष कुमार सहित अन्य पुलिस व नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।