चोरों ने मंगलवार रात कस्बा सिरसाकलार निवासी एक दुकानदार की परचून की दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखा एक लाख का सामान चुरा लिया और इसके बाद दुकान में आग लगा दी। इससे दुकान में रखा तकरीबन दो लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें देख दुकानदार जाग गया और आवाज लगाकर लोगों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष रजनीश बाबू कटियार पहुंचे और तहरीर लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।
कसबा सिरसाकलार निवासी पप्पी कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात तकरीबन आठ बजे वह अपनी परचून की दुकान बंद कर घर चले गए।
देर रात तकरीबन 11 बजे उसको ग्रामीणों ने सूचना दी कि उसकी दुकान में आग लगी है। इस पर वह मौके पर पहुंचा तो दुकान के दरवाजे खुले थे और दुकान से सामान गायब था और दुकान में बचा सामान जल रहा था।
दुकानदार पप्पी की आवाज सुनकर कई लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई, लेकिन तब तक दुकान में रखा करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रजनीश बाबू कटियार मौके पर पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनका कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है।