डकोर के ग्राम मलूपुरा स्थित एक खलिहान में किसान विजय यादव, शिव महेंद्र पाल, जय महेंद्र, संतोष पाल, चंद्रभान पाल व शंकर की तिल की फसल रखी थी। रविवार की देर शाम अचानक खलिहान में आग लग गई। आग की लपटें तेज होते ही गांव में अफरातफरी मच गई। भीषण आग देखकर ग्रामीण एकजुट होकर पानी व रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग और उग्र होती चली गई। यह देखकर ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
कुछ ही देर में पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक खलिहान में रखी सभी किसानों की तिल की फसल पूरी तरह जल चुकी थी। खलिहान में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। सुबह गांव पहुंचे लेखपाल ने नुकसान का सर्वे किया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजकर मुआवजा दिलाने की बात कही है।