गिट्टी भरा ओवरलोड ट्रक को निकालती क्रेन मशीन
- फोटो : ORAI
उरई। मंगलवार देर रात उरई-झांसी हाईवे पर गिट्टी से लदा ओवरलोड ट्रक खनिज विभाग के वरिष्ठ सहायक संतोष मिश्रा ने पकड़ा। उस पर दो कर्मी चढ़ाकर उरई कोतवाली पहुंचने को कहा। रास्ते में चालक-क्लीनर चलते ट्रक से कूद गए और ट्रक खंदक में जा घुसा। पीछे से पहुंचे वरिष्ठ सहायक को मदद के दौरान माफिया ने घेरकर दबाव बनाने का प्रयास भी किया लेकिन फोर्स पहुंचने पर वे सभी खिसक लिए।
वरिष्ठ सहायक संतोष मिश्रा के निर्देश पर ट्रक पर सवार दोनों कर्मचारी जैसे ही हाईवे स्थित रेलवे ब्रिज के पास पहुंचा तभी चालक-क्लीनर गाड़ी से कूद गए। ऐसे में अनियंत्रित ट्रक खंदक में चला गया। दोनों कर्मचारियों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। पीछे से पहुंचे संतोष मिश्रा पूछताछ कर रहे थे तभी काले और सफेद रंग की दो स्कार्पियो गाड़ियों में सात-आठ खनन माफिया मौके पर पहुंचे और उनका घेराव कर गाड़ी छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
वरिष्ठ सहायक ने मौके से ही एडीएम को फोन से जानकारी दी। इस बीच कोतवाली फोर्स मौके पर पहुंची तब तक माफिया भाग निकले। वरिष्ठ सहायक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया हैे। पुलिस का कहना है कि ट्रक का नंबर स्पष्ट नहीं है, चेचिस की जगह भी कोई मोबाइल नंबर लिखा है। लिहाजा जांच पड़ताल की जा रही है।
उधर जालौन पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने अभियान चलाकर आठ ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर कोतवाली में खड़ा कराया। ओवरलोडिंग रोकने के लिए टोल प्लाजा पर सीसीटीवी के माध्यम से ओवरलोडिंग रखने मौरम खदानों पर भी ड्रोन कैमरों से निगरानी होने का दावा भी किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लग पा रही है। एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला व सीओ सुबोध गौतम ने पुलिस के साथ कोंच चौराहे पर चेकिंग की। इस दौरान आठ ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर कोतवाली में खड़ा कराया गया है।