डकोर सीएचसी में केंद्र प्रभारी टीका लगवाते
- फोटो : ORAI
उरई। कोरोना वैक्सीन की दूसरे चरण की डोज शुक्रवार को 1404 के सापेक्ष 1240 को लगाई गई। राजकीय मेडिकल कालेज, सीएचसी रामपुरा, नदीगांव, नेत्र अस्पताल, जिला पुरुष अस्पताल, कोंच, माधौगढ़, कदौरा, कुठौंद, जालौन, बाबई, डकोर समेत 11 स्वास्थ्य केंद्रों पर 21 बूथ बनाकर टीकाकरण किया गया। लाभार्थियों ने कहा कि वैक्सीन का प्रतिकूल प्रभाव भी नहीं दिखा। टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को आधे घंटे निगरानी कक्ष में भी रखा गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सत्यप्रकाश ने बताया कि गुरुवार को 17 स्वास्थ्य केंद्रों में 25 बूथ बनाकर 1861 के लक्ष्य के सापेक्ष 1365 लोगों का टीकाकरण किया गया था। इसी प्रकार शुक्रवार को भी 21 बूथों पर 1240 को टीके लगाए गए। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह का कहना है कि उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं आई है। मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ तारा शहजानंद ने नदीगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण कराया। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम न पाले। इसी तरह डब्लूएचओ की पूरी टीम ने भी वैक्सीन की दोनों डोज ली है।
मुहम्मदाबाद संवाद के अनुसार, पीएचसी डकोर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ इदरीश मोहम्मद के निर्देशन में कोविड की दूसरी डोज का टीकाकरण किया गया। खुद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ इदरीश ने टीकाकरण कराया। 163 लाभार्थियों के सापेक्ष अपराहन 3:00 बजे तक 140 लाभार्थियों को टीके लगाए गए। इस दौरान डॉ. कौशलकिशोर, अर्चना गुप्ता, नरेंद्र, प्रमोद, भावना, पुष्पा, विनोद निराला आदि रहे।