जालौन। चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। बुधवार को एसडीएम अतुल कुमार सीओ रामसिंह, कोतवाल विमलेश कुमार के साथ ग्राम अकोढ़ी दुबे, रूरा मल्लू, कुठौंदा खुर्द आदि गांवों में बने पोलिंग बूथों पर पहुंचे। जहां उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि मतदाता पोलिंग बूथ तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। किसी की बातों में आकर नहीं बल्कि अपने विवेक से अच्छा जनप्रतिनिधि चुने।
उन्होंने बूथों का निरीक्षण कर वहां सफाई व्यवस्था, शौचालय में पानी की उपलब्धता, छाया, रैंप, बिजली व्यवस्था, पंखा बल्ब आदि की व्यवस्थाएं देखीं। पेयजल की उपलब्धता को भी देखा। शौचालयों में पानी उपलब्धता के साथ साफ-सफाई देखी। पोलिंग बूथ पर आने वाले दिव्यांगों के बनी रैंप का जायजा लिया। पेयजल, बिजली, पंखा, बल्ब आदि की व्यवस्थाओं को देखा।
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पोलिंग बूथों के आसपास के ऐसे ऊंचे मकान भी देखे जहां से सुरक्षा जवान खड़े होकर सुरक्षा व्यवस्था को संभाल सके। अकोढ़ी दुबे में बाउंड्री बाल टूटी होने और बूथ परिसर में पालतू जानवर के बंधे होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और बीएसए से बात करके शीघ्र ही बाउंड्रीवॉल को बनवाने और अतिक्रमण को हटवाने के बारे में कहा। एसडीएम कुमार ने बताया कि बूथों का निरीक्षण किया गया। अधिकांश व्यवस्थाएं दुरूस्त मिली। कमी मिलने पर बीएसए से बात करके उन्हें दुरूस्त कराने के लिए कहा गया है।