उरई (जालौन)। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर में मूर्तिकार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर तमंचा छोड़कर मौके से भाग गए। सूचना पर एएसपी, सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों ने से जांच पड़ताल की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर निवासी अखिलेश (22) मूर्ति बनाकर बेचने का काम करता है। शुक्रवार को वह अपनी दुकान के पास ही बैठा था। तभी चार लोग आए और उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों को जानकारी होने पर वह उसे मेडिकल कालेज ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई हेमंत ने बताया कि उसके परिवार में मूर्ति बनाने का काम होता है। वह सात भाइयों में बड़ा होने पर मूर्ति बनाने का काम करता था। उसके माता-पिता अन्य भाइयों के साथ लखनऊ गए हुए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उसकी मौत से मां रीना सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है कि शराब पीने के बाद विवाद हुआ है। तभी युवक को गोली मारी गई है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।
भाई को बचा लो कहकर शव से लिपट गई सोनाली...
उरई। गोली की आवाज सुन दौड़े मृतक के मामा ने इसकी जानकारी दुकान पर काम कर रहे छोटे भाई हेमंत को दी। इससे वह अपनी छोटी बहन के सोनाली के साथ घटनास्थल पर पहुंचा तो खून से लथपथ हालात में पड़े अखिलेश को देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। सभी उठाकर उसे मेडिकल कालेज ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन छोटी बहन सोनाली डॉक्टर के सामने हाथ जोड़कर बोली की मेरे भाई को बचा लो और जोर जोर से रोने लगी। नजारा देख आसपास खड़े लोगों की आंखों में भी आंसू आ गए।
गुरुवार को शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
छोटे भाई हेमंत की माने तो बृहस्पतिवार को तीन लोग दुकान के पास शराब पीने के लिए बैठ गए। इस पर अखिलेश से उनकी बहस हो गई। इसी को लेकर खुन्नस में आकर उसके भाई को मारा गया है। फिलहाल पुलिस मामले को लेकर जांच पड़ताल कर रही है।
अवैध कामों के लिए बदनाम है राठ रोड
स्टेशन से सटा होने के चलते राठ रोड ओवरब्रिज पर लोहपीटा, मांगने वाले, कबाड़ी आदि भारी संख्या में रहते हैं। यहां जुआ सट्टा आदि भी खूब होता है। इसको लेकर अक्सर यहां विवाद होते रहते हैं। दिनदहाड़े हुई हत्या पर पुलिस हर एक एंगल से जांच कर रही है।