शहर में आटो में धक्का लगाते स्कूली बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। एटा में स्कूली बस और ट्रक की टक्कर में बच्चों की मौत होने पर सभी लोगों को दुख है। हादसे के बाद जिले में भी अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए चिंतित दिखाई दिए। शहर में स्कूलों के वाहन चालकों की पड़ताल की गई तो तमाम चालक नौसिखिये मिले। उनको सही प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया। अमर उजाला ने निजी स्कूलों में लगी वाहनों की पड़ताल की तो ज्यादातर वाहन फिटनेस में फेल हुए। कहीं पायदान नहीं था तो कहीं आटो मेें जाली नहीं लगी थी। चालक बच्चों को बैठाकर वाहन भी तेजरफ्तार से चलाते दिखाई दिए। इस बाबत एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य का कहना है कि शुक्रवार से स्कूलों में लगे वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी और वाहन चालकों की भी जांच की जाएगी। निर्धारित संख्या से अधिक बच्चे बैठाकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।