भले ही लोग खाकी को गंदी नजर से देखते और डरते हों लेकिन जो एसपी जालौन ने जो कदम उठाया है इससे पुलिस को लेकर धारणा बदल सकती है। एसपी ने अपने पीआरओ के जन्मदिन पर डीएम आफिस में समोसे बेच रहे बच्चे के न सिर्फ पूरे समोसे खरीदकर बांटे बल्कि उसकी प्रतिदिन की आय को भी देने को कहा और उसकी पढ़ाई का जिम्मा लिया। एक
स्कूल संचालक ने भी उस बालक कर पढ़ाई में सहयोग की बात कही है। शुक्रवार को एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी के पीआरओ अमित तिवारी का जन्मदिन था। एसपी बबीना चुनाव के बाबत डीएम कार्यालय गए थे। वहां बघौरा निवासी 10 वर्षीय अरबाज अपनी छोटी सी साइकिल पर पीछे गत्ते में समोसे रखकर बेच रहा था। यह देख एसपी ने उसे बुलाकर बात की तो
वह बोला की अम्मी समोसा बनाकर देती है। वह साइकिल पर रखकर बेंचता है। एसपी ने पूछा कि स्कूल जाते हो तो उसने कहा कि पहले पेट का इंतजाम हो जाए तो फिर पढ़ाई की जाए। एसपी ने उसके पूरे समोसे खरीद कर वहां मौजूद पुलिस वालों को बांटे और उससे कहा कि वह जितने रुपये के समोसे बेचता है उतने पैसे रोज आकर उनसे ले लिया करे। इसके
अलावा स्कूल में दाखिला भी करा ले। उसकी पढ़ाई का जिम्मा उनका है। इससे खुश होकर वह घर चला गया। एसपी की इस पहल को हर कोई सराह रहा है। चित्रांश अकेडमी के संचालक हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि वह बच्चे की पढ़ाई में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। इस तरह के बच्चे जो पढ़ना चाहते है वह उनकी मदद को तैयार हैं।