पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों को समझाते डाक्टर।
- फोटो : Amar ujala
शहर कोतवाली के बड़ागांव के पास बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पिता- पुत्री व पड़ोसी को रौंद दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण बेटी को वैद्य को दिखाने जा रहा था। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। गुस्साई भीड़ ने रास्ता जाम कर ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ दिया।
शहर के करसान रोड निवासी नेतराम (42), अपनी बेटी दीक्षा (10) का तीन, चार दिन पहले हाथ टूट गया था। उसे दिखाने के लिए मंगलवार को नेतराम पड़ोसी धर्मेंद्र (30) पुत्र मूलचंद्र अहिरवार के साथ बाइक से एट क्षेत्र के भरसूड़ा गांव में किसी वैद्य के पास जा रहा था। वह बड़ागांव के पास पहुंचा था कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। तीनों लोगों ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। इससे तीनों बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया लेकिन तब तक पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच घायलों को जिला अस्पताल भेजने का सिलसिला भी शुरू हो चुका था।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिता, पुत्री दोनों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में पड़ोसी को ग्वालियर रेफर किया गया, तभी उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। जब तीनों के मौत की खबर करसान स्थित उनके घरों तक पहुंची तो वहां पर कोहराम मच गया।