रामपुरा। नगर में दो लोगों के बैंक खातों से बिना अनुमति रुपये निकाले जाने के मामले सामने आए हैं। दोनों खातों से कुल 29,414 रुपये कटने की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस ने दोनों शिकायतें साइबर सेल को भेज दी हैं।
रामपुरा नगर निवासी मयंक द्विवेदी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे उनके बैंक खाते से छह अलग-अलग लेनदेन में 19,914 रुपये कट गए। उनके अनुसार पांच मिनट के भीतर खाते से रकम निकल गई। बैंक पहुंचकर खाते की जानकारी लेने और होल्ड लगवाने की प्रक्रिया पूरी करने तक रुपये कट चुके थे।
नगर निवासी सोनू गुप्ता ने बताया कि 16 अक्तूबर को उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से तीन बार में 5,000, 2,500 और 2,000 रुपये कट गए। कुल 9,500 रुपये की निकासी होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी केपी सरोज ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत साइबर सेल को भेज दी गई हैं। जल्द ही खातों से अनावश्यक रूप से कटे रुपये वापस कराने का प्रयास किया जाएगा।