: परिवहन निगम की बस में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : ORAI
जालौन। कार में परिवहन निगम की बस का पिछला हिस्सा रगड़ जाने पर कार सवार युवकों ने बस के चालक व परिचालक के साथ जमकर मारपीट कर दी। साथ ही बस पर पथराव कर दिया। इससे बस में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। बस चालक ने इसकी सूचना एआरएम को दी। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दूसरी बस पहुंचने के बाद दो घंटे तक यात्री सड़क पर ही सहमे खड़े रहे।
जालौन-औरैया मार्ग पर जगनेवा पुल के पास फोर लेन पर रिपेयरिंग का काम चल रहा है। इसके चलते वाहनों का डायवर्जन कर एक ही लेन पर चालू किया गया है। वाहन रिपेयरिंग स्थल से पूर्व औरैया से जालौन आने वाली लेन में डायवर्ट किए जा रहे थे। राठ डिपो की परिवहन निगम की बस राठ से मथुरा जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे बस जगनेवा पुल के पास पहुंची तो दूसरे रोड पर जाने के लिए उसने टर्न लिया तभी औरैया की ओर से आ रही कार में बस का पिछला हिस्सा टकरा गया।
इससे कार का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। नाराज कार सवारों ने बस का पीछा किया और जगनेवा पुल के पास ही बस को रोक लिया। फिर कार सवार आधा दर्जन युवकों ने बस चालक वीर बहादुर व परिचालक बृजेश राठौर को बस से उतारकर गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कार सवारों में से कुछ ने बस पर ईंट, पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। यह देख यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बस परिचालक बृजेश राठौर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया उनकी कार पर ब्राह्मण महासंघ लिखा था। परिचालक का आरोप है कि वे लोग चालक वीर बहादुर और बस की चाभियां भी साथ ले गए। उनके जाने के बाद परिचालक ने एआरएम को मामले की सूचना दी। तब एआरएम ने दूसरी बस को मौके पर भेजकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इस दौरान लगभग दो घंटे तक यात्री सड़क पर खड़े होकर दहशतजदा रहे।
वहीं, मौके पर पहुंचे कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र व इंस्पेक्टर क्राइम अनिल कुमार ने परिचालक और यात्रियों से मामले की पूरी जानकारी ली। कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि कार के क्षतिग्रस्त होने को लेकर विवाद हो गया। चालक भी मौके पर आ गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।