कालपी। नगर के निर्माणाधीन फोरलेन सड़क चौड़ीकरण कार्यों में अव्यस्थित यातायात के कारण मंगलवार को दवा लेकर लौटते समय सड़क पार कर रही वृद्धा को रोडवेज बस ने रौंद दिया। दुर्घटना के बाद हाइवे पर अफरातफरी मच गई। घटना से लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क पर जाम लगा दिया। इससे लगभग एक घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। घटना की सूचना मिलते ही सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंचे व लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर के मोहल्ला रामगंज निवासी लीलावती पत्नी प्रयाग नरायण बाजपेई अपनी बीमारी का इलाज कराने के लिए अपने पौत्र राजू के साथ बाईपास चौराहे स्थित एक क्लीनिक र्गई थी। दोपहर 11 बजे वह क्लीनिक से दवा लेकर जैसे ही हाईवे पर पहुंचकर सड़क पार करने लगी तभी उरई से इलाहाबाद जा रही लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस के चालक ने तेजी व लापरवाही से बस चलाकर वृद्धा को कुचल दिया। जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्धा का पौत्र बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद रोडवेज चालक व परिचालक मौके से भाग गए। घटना से आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। घटना की सूचना सीओ संजय कुमार शर्मा, कोतवाल माणिक चंद्र दलबल सहित घटनास्थल पर पहुंचे व आक्रोशित लोगों को शांत कराया। तब लगभग एक घंटे बाद जाम खुला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस फोर्स- फोटो : ORAI
कालपी में वृद्धा की मौत के बाद बस को रोके लोग। - फोटो : ORAI