कालपी। नगर पालिका की अध्यक्ष बैकुंठी देवी ने बताया कि हाईवे प्राधिकरण तथा रेलवे विभाग की कार्यदाई संस्था द्वारा बेतरतीब ओवरलोड वाहन निकालने के कारण कालपी नगर की सड़कें खराब हो रही हैं। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई है।
बुधवार को पालिकाध्यक्ष बैकुंठी देवी व उनके प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार ने कहा कि फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना तथा रेलवे विभाग की कार्यदाई संस्था के ओवरलोड वाहनों ने तीन सड़कें ध्वस्त कर दी हैं। उन्होंने बताया कि राजघाट सड़क, आईटीआई से लेकर एकलव्य स्कूल तक फोरलेन ने बर्बाद की है जिसकी लंबाई 800 मीटर है।
इसी प्रकार फुलपावर चौराहे से अमलतास तक फोरलेन की कंपनी ने बर्बाद की है। इसकी लंबाई 1700 मीटर है। इसी तरह दुर्गा मंदिर चौराहे से लेकर रेलवे पुल तक रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल की कार्यदाई संस्था की ओवरलोड वाहनों के निकलने की वजह से बर्बाद हुई है।
बर्बाद सड़क की लंबाई 650 मीटर है।
उन्होंने कहा कि टूटीं सड़कों की वजह से जनता परेशान हो रही है। इस संबंध में शासन प्रशासन को कई पत्र भेजे हैं, लेकिन संबंधित विभाग मनमानी पर आमादा हैं।