सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सब कुछ पूर्व की तरह ही हुआ। पार्किंग के लिए स्थान, टेंपो का निश्चित रूट, ड्राइवरों की पहचान, स्कूल में लगे वाहनों के चालक का वेरीफिकेशन जैसी समस्याएं एक बार फिर उठाई गईं। अफसरों से
आश्वासन भी पुरानी तर्ज पर ही मिला। कहा गया कि जो सुझाव दिए गए है उन पर अमल किया जाएगा। नया कुछ था तो समिति के सदस्यों की ओर से दिए गए सुझाव और मौजूदा डीएम व एसपी की तैनाती के बाद की पहली बैठक।
डीएम संदीप कौर, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी समेत मौजूद अधिकारियों के बीच बैठक में समिति के सदस्यों ने एक-एक कर समस्याएं सामने रखीं। सबसे पहले लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा कि फोरलेन सड़क पर टी प्वाइंट है जहां पर
दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है। इन टी प्वाइंटों पर सर्विस रोड बनाया जाए, इससे गांव की सड़क से फोरलेन पर चढ़ते वक्त कोई वाहन दुर्घटना ग्रस्त न हो। टेंपो टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मैराज सिद्दीकी ने टैक्सी चालको से अवैध वसूली ठेकेदार की ओर से किए जाने
की समस्या रखी। पालिका से शिकायत भी की गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। टेंपो टैक्सी का रूट निर्धारण व खड़े होने के लिए स्थान भी तय किए जाने की मांग भी की। ट्रक आपरेटर संगठन की ओर से कहा गया कि फोरलेन सड़क खराब है और 40 किमी की दूरी पर दो
स्थानों पर टोल टैक्स देना पड़ रहा है। जाम की समस्या भी उठाई गई। इस पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि नो एंट्री समस्या का निदान नहीं है। टू व्हीलर पर तो रोक लग नहीं सकती। अच्छा है कि पार्किंग की व्यवस्था हो। इसके लिए नगर पालिका के
अधिशासी अधिकारी को इस पर काम करने के निर्देश दिए गए। टेंपो टैक्सी पर ड्राइवर का नाम व मोबाइल नंबर अंकित होना चाहिए। ई-रिक्शा आईएसआई मार्का होना चाहिए। बताया गया कि जो ई-रिक्शा चल रहे हैं उनमें एक भी वैध नहीं है। डीएम संदीप कौर ने
एआरटीओ को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। हेलमेट का इस्तेमाल न करने वाले दोपहिया चालकों पर कार्रवाई की जाए। सीट बेल्ट का इस्तेमाल चार पहिया चालक नहीं कर रहा तो उस पर जुर्माना लगाया जाए।
यातायात नियमों का हर हाल में पालन होना चाहिए। बैठक में एडीएम आनंद कुमार, सीओ जंगबहादुर,एआरटीओ समेत अन्य विभागों के अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे।