उरई। कालपी बस स्टैंड में शुक्रवार देर रात हुए उपद्रव में पुलिस ने दो नामजद सहित कई अज्ञात पर दंगा करने का प्रयास, छेड़खानी, जानलेवा हमला सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक नामजद माजिद फरार है, जबकि दूसरे शादाब का इलाज कानपुर में पुलिस हिरासत में चल रहा है। शनिवार दोपहर दो आरोपियों के फार्महाउस व दुकान पर बुलडोजर चला दिया गया। संवेदनशीलता को देखते हुए 10 थानों की पुलिस ने शहर में डेरा डाल लिया है। ड्रोन से निगरानी कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कालपी बस स्टैंड पर शुक्रवार की देर रात प्राइवेट बस काउंटर की खिड़की में बैठी युवती का कुछ लोग वीडियो बनाने लगे। वहां मौजूद संचालक ने जब विरोध किया तो मारपीट हो गई। नशे में धुत युवकों ने और साथियों को बुला लिया। इसके बाद संचालकों के साथ दौड़ाकर मारपीट की गई और दो बाइकों में आग लगा दी गई। मामले में शहर निवासी अभिषेक व अंशु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना से शहर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर एएसपी सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी सुरेंद्र निरंजन ने पुलिस को मामले में तहरीर दी। इसमें बताया कि शुक्रवार की देर रात करीब 10 बजे वह दुकान में बैठा था। इसी दौरान बजरिया निवासी शादाब खान व उसका भाई माजिद खान उसके पड़ोसी की दुकान पर पहुंचे। वहां बैठी युवती यात्री के साथ अश्लील हरकतें करने लगे। इस पर हंस बाबा की दुकान पर बैठे अभिषेक निरंजन ने मना किया। इस पर इन लोगों ने अभिषेक पर डंडे और सरिया से हमला कर दिया।
इस पर बस मालिक के लड़के अंशु ने रोका तो उसे भी लाठी-डंडों और सरियों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। कुछ ही देर में इन लोगों ने बजरिया से लगभग 40-50 लड़कों को बुलाकर तोड़फोड़ की और उपद्रव करने लगे। आरोप है कि गणेश कंप्यूटर सेंटर में उपद्रव करने वाले घुस आए और तोड़फोड़ करते हुए गुल्लक से 80 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद पास स्थित कमल बस सेंटर संचालक दिलशाद ने बाइकों में आग लगा दी। इन लोगों ने धमकी दी कि अगर हर 15 दिन में सभी दुकानदार पचास हजार नहीं दोगे तो जान से मारे जाओगे, अभी तो यह ट्रेलर है। पुलिस ने शादाब व माजिद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें माजिद फरार है। वहीं शादाब उपद्रव में घायल हुआ था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और कानपुर में इलाज करा रही ।
एएसपी ने की गश्त, लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा
शनिवार को एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा ने चार सीओ व भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया। एएसपी का कहना है कि मामला पूरी तरह नियंत्रण में है। आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
वर्जन
मारपीट के बाद दो बाइकों में आग लगाई गई थी। इस मामले में माजिद खान और शादाब खान सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शादाब भी वारदात में घायल हुआ है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसका पुलिस की हिरासत में कानपुर में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस उसे सीसीटीवी फुटेज अन्य जानकारी से जो लोग भी वारदात में शामिल होंगे सभी पर गैंगस्टर व एनएसए तक की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. दुर्गेश कुमार, एसपी जालौन