कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला में सोमवार रात को पुरानी रंजिश को लेकर गांव के अमीर हमजा उर्फ मुन्ना (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई वाहिद की तहरीर पर गांव-गांव के ही पिता-पुत्रों समेत सात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ कालपी बीके श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें भी बनाई गई है। सीओ ने बताया कि निवासी राशिद, तारिक पुत्र इब्राहिम, उस्मान और इब्राहिम, आसिफ व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजनों के मुताबिक, सभी आरोपी हमजा के छोटे भाई जाहिद की ससुराल से जुड़े हैं। आठ माह पूर्व गाय बांधने को लेकर आरोपियों व अमीर के बीच जमकर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी चली थी। हमले में हमजा व उसके परिजन घायल हुए थे। ग्रामीणों की माने तो तीन दिन पूर्व गांव में बारात आई थी इसमें हमजा व आरोपियों के बीच फिर से विवाद हुआ था। इस पर गांव के लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया था।