कोंच। नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भखरौल में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें कई लोग चुटहिल हुए हैं। दोनों पक्षों के 24 से ज्यादा लोगों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पक्षों के पांच लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया।
ग्राम भखरौल में छोटेलाल के परिजन ट्रैक्टर लेकर खेत से लौट रहे थे। रास्ते में बिछी चारपाई हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस दौरान पत्थरबाजी भी कुछ लोग करने लगे। घटना में कई लोगों को चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है जिनके खिलाफ शांतिभंग और निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
छोटेलाल पुत्र परमानंद की तहरीर पर विनोद, अशोक, देवेंद्र, तिलक, नवाब, भगवानदीन, शेरसिंह, प्रहलाद, अनिल, देवेंद्र, दिलीप, सोनू, अमर सिंह निवासी भखरौल, कौशल व उसके दो बेटे निवासी नदीगांव तथा तमाम अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष के सोनू पुत्र ब्रजभान की तहरीर पर छोटेलाल, राजपाल, पवन, पुष्पेंद्र, सोनू अरविंद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक पक्ष के सुनील, प्रेमसिंह, हरीशंकर व दूसरे पक्ष के अमर सिंह व पारस के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।