जालौन। अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी अंचल कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पवन कुमार ने फरवरी 2023 में उनकी शादी उरई कोतवाली क्षेत्र के पटेलनगर निवासी आकाशदीप के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले ताने मारने लगे कि उनका बेटा सर्विस करता है। इसके बाद भी उसे पर्याप्त दहेज नहीं मिला है। उन्हें अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये और चाहिए। अन्यथा वह उसे घर से निकाल देंगे। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद एसपी के यहां शिकायत की है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पति आकाशदीप, सास प्रेमादेवी, देवर सागरदीप व ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)