उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए )ने 19 मई 2026 को हुई घटना को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कड़ी निंदा की है। डॉक्टरों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में कुछ बाहरी लोगों द्वारा घुसकर चिकित्सकों के साथ मारपीट और हिंसक व्यवहार किया गया, जिससे अस्पताल का माहौल प्रभावित हुआ और कुछ डॉक्टरों को चोटें भी आईं।
रेजीडेंट डॉक्टरों ने कहा कि वे लगातार मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी प्रशासन से कई बार मांग की गई थी, जिस पर पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
डॉक्टरों की प्रमुख मांगों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर के आधार पर तत्काल गिरफ्तारी, घटना में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर कार्रवाई, तथा अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों, इंटर्न और छात्रों के लिए पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि डॉक्टरों के नाम एफआईआर से हटाए जाएं और सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
आरडीए ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो मेडिकल समुदाय लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। (संवाद)
सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले युवक के घर पहुंची पुलिस
उरई। सोमवार की रात डॉक्टर व भाजपा नेता पक्षों में हुई मारपीट के मामले में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने की होड़ सी लग गई थी। इस मामले में एक युवक ने सोशल मीडिया पर डॉक्टरों को कैंपस के बाहर निकलने पर देख लेने की बात लिख दी थी। इसका डॉक्टरों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस युवक के घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। (संवाद)
डॉक्टरों पर मारपीट के आरोप, विधायक गौरीशंकर वर्मा का वीडियो वायरल
उरई। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कार में बैठकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जो वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष के भाई बृजेश गुप्ता अपनी बेटी को रात में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे, जहां डॉक्टरों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। विधायक ने कहा कि इसके बाद पुलिस की गाड़ी में बैठे पीड़ितों को भी कुछ डॉक्टरों द्वारा उतारकर पीटा गया। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और डीजीपी राजीव कुमार को दे दी है।
उन्होंने कहा कि पूरा जनपद इस घटना को लेकर आक्रोशित है और वे स्वयं पीड़ित परिवार के साथ हैं। विधायक ने मांग की कि मारपीट करने वाले डॉक्टरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों से बाजार में मिलने पर जवाब मांगा जाएगा। (संवाद)