उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड पर मुंबई और गोरखपुर की ओर से आने वाली पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। सोमवार को एर्नाकुलम से बरौनी जाने वाली ट्रेन नंबर 12522 राप्तीसागर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 4:58 बजे के स्थान पर दूसरे दिन सोमवार को शाम 7:10 बजे 38 घंटे देरी से आई। इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को दो दिन इंतजार करना पड़ा।
। इसी तरह मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12534 अपने निर्धारित समय रात 2.18 बजे के स्थान पर सुबह 10:30 बजे 8 घंटा 17 मिनट देरी से आई। मुंबई से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस 8 घंटा 15 मिनट देरी से आई। गोरखपुर से पनवेल जाने वाली ट्रेन नंबर 15065 पनवेल एक्सप्रेस 2 घंटा 38 मिनट, मुंबई से गोरखपुर ट्रेन नंबर 20103 संत कबीरनगर एक्सप्रेस 4 घंटा देरी से पहुंची।
इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि अगर मुंबई और गोरखपुर की ओर यात्रा करनी हो तो स्टेशन पर सारी रात गुजारना पड़ेगी तब जाकर ट्रेन से यात्रा कर सकते हो। गोरखपुर और मुंबई की ओर से आने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इसकी वजह से यात्री परेशान है।झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि रेल ट्रैक पर मरम्मत के काम के चलते रहने से ट्रेनें देरी से चल रही है। काम समाप्त होते ही ट्रेनों का सही समय से संचालन होने लगेगा।