उरई। पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर मालगोदाम का पूरा एरिया कवर करने के लिए 15 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।
रेलवे आय बढ़ाने के लिए माल परिवहन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए उरई स्टेशन पर मालगोदाम बनाया गया है। कोंच स्टेशन पर भी मालगोदाम बनाया जा रहा है। झांसी मंडल के अंतर्गत आने वाला उरई के मालगोदाम से रोजाना लोडिंग अनलोडिंग कर माल आयात-निर्यात किया जाता है। यहां पर अलग-अलग जगह से सीमेंट, खाद, चावल, गेहूं और कभी-कभी नमक की रैक आती है। इस काम में कई तरह की समस्याएं और शिकायतें बनी हुईं हैं। अक्सर रेलवे ट्रैक या उसके नजदीक माल छूटने के मामले भी सामने आते रहते हैं। अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए व्यापारियों की सुविधा के लिए रेलवे मागोदाम पर 15 सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा है। यह पूरे माल गोदाम को कवर करेंगे। इन कैमरा को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इससे दिन-रात कैमरा से मालगोदाम की निगरानी की जाएगी।
कैमरे लगने से लोडिंग-अनलोडिंग के समय चोरी के मामले भी थमेंगे। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जल्द ही कैमरे लगने का काम शुरू किया जाएगा।