उरई। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई यार्ड के दोहरीकरण के काम के दौरान कार्यदाई संस्था आरवीएनल की जेसीबी मशीन से सिग्नल विभाग का केबल कट गया। इसकी वजह से दो पैसेंजर समेत तीन ट्रेनें प्रभावित हुईं। सिग्नल विभाग की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद सिग्नल केबल ठीक किया। तब कहीं जाकर रेलवे यातायात सुचारु हो सका।
रविवार की सुबह 11:25 बजे यार्ड के दोहरीकरण के काम के दौरान कार्यदाई संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की जेसीबी से झांसी की तरफ केबल कट गया। होम सिग्नल फेल होने की सूचना डिप्टी एसएस एससी अग्रवाल ने सिग्नल विभाग के जेई एमपी वर्मा को दी। इसी बीच मुंबई से लखनऊ जाने ट्रेन नंबर 02107, पुणे से गोरखपुर जाने वाली 02031 और एक मालगाड़ी को सतर्कता आदेश देकर निकाला गया।
करीब दो घंटे बाद 1:30 बजे सिग्नल ठीक हो सके। इस बीच मौके पर पहुंची आरपीएफ ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया। सिग्नल, इंजीनियरिंग, आरपीएफ ने संयुक्त जांच रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेजी है। सिग्नल विभाग के एसएसई ए. सबरबाल का कहना है कि मामले से अधिकारियों को अवगत करा दिया है।