कोंच। दीपावली से पहले आतिशबाजी के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने बुधवार की सुबह नगर में आतिशबाजी विक्रेताओं की दुकानों और घरों की जांच की।
एसडीएम अभिनव कुमार और सीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने भंडारण से जुड़े नियमों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। जांच के दौरान कहीं भी आतिशबाजी का अवैध भंडारण नहीं मिला। टीम ने दुकानों और घरों में यह जांच की कि कहीं तय मानकों का उल्लंघन कर आतिशबाजी या अन्य विस्फोटक सामग्री का भंडारण तो नहीं किया जा रहा है।
जांच के बाद लाइसेंसधारकों को नियमों का पालन करने और बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री का भंडारण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। एसडीएम ने बताया कि आतिशबाजी के भंडारण के लिए नौ लाइसेंस हैं। इनमें तीन लाइसेंस आतिशबाजी निर्माण के लिए हैं, लेकिन जांच में कहीं भी आतिशबाजी निर्माण होता नहीं पाया गया। (संवाद)