कोंच। नकली डीएपी खाद गोदाम पर कृषि विभाग व एसओजी टीम ने शनिवार को छापा मारा। जहां टीम को पांच सौ बोरी नकली खाद मिली है। इसके साथ ही भारी मात्रा में खाली बोरियां व बोरी पैक करने वाली मशीन और एक ट्रक नकली खाद बोरी सहित पकड़ा है। खाद के चार नमूने भर कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। गोदाम को सील कर चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
कृषि विभाग, एसओजी टीम व नदीगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने नदीगांव में निखिल खाद बीज भंडार के गोदामों पर छापा मारा। इस दौरान बाजार के अंदर एक गोदाम में नकली खाद, भारी मात्रा में खाली बोरियां, बोरी पैक करने वाले मशीन व अन्य सामग्री पकड़ी गई। उधर, मेन रोड वाले गोदाम से एक ट्रक में नकली खाद की पांच सौ बोरियां पकड़ी गईं। इसके साथ गोदाम में अंदर पोटाश व नकली खाद की बोरियां बरामद की हैं। एसडीएम ज्योति सिंह ने मामले की जांच पड़ताल कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, कृषि अधिकारी पुष्कर सिंह, एसओ नदीगांव दिव्य प्रकाश तिवारी, एसओजी प्रभारी सतीश कुशवाहा ने पकड़ी गई सामग्री जब्त कर बाजार वाले गोदाम को सील कर दिया। बताया गया कि गोदामों में भारी मात्रा में नकली खाद, डीएपी रेपर लगी बोरियों भर कर तैयार की जा रही थी। जो आस आस के क्षेत्रों के अलावा यूपी के बड़े शहरों और मध्यप्रदेश तक सप्लाई की जा रही थी।
इस कार्रवाई से नदीगांव सहित आस पास के क्षेत्रों में खलबली मच गई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नकली खाद की सूचना पर छापेमारी की गई है। गोदामों में बड़े पैमाने पर डीएपी नकली खाद बनाकर तैयार की जा रही थी। एक ट्रक नकली खाद जब्त कर मुख्यालय ले जाई जा रही है। चार लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। मालिक अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। एसडीएम ने कहा कि मामले की गहराई से छानबीन की जाएगी। नकली खाद की सप्लाई करने में संलिप्त दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कैसे चलता रहा नदीगांव थाने के पास नकली खाद का कारोबार
कोंच। नदीगांव में लंबे समय से चल रहा नकली खाद का कारोबार पिछले कई सालों से फलफूल रहा है। रात दिन गोदामों में लोडिंग अनलोडिंग हो रही और गाड़ियों में लद कर नकली खाद दूर दूर तक जाती रही। लेकिन हैरान करने वाली बात रह है कि छोटे के कस्बे में थाने के आस पास कैसे यह नकली खाद का बड़ा कारोबार फलता-फूलता रहा और पुलिस को अब तक इसकी भनक तक नहीं लगी।
मुजफ्फर नगर से आती है नकली खाद
कोंच। छापेमारी में बरामद हुई भारी मात्रा में नकली खाद की बोरियां ट्रक में लदकर आतीं हैं। बताया गया कि यह नकली खाद की बोरियां मुजफ्फर नगर से आती हैं। जिसे रात के अंधेरे में गोदामों में उतार कर रातों रात तैयार कर सप्लाई की जा रही थी।
जिले भर में कई जगहों पर छापा
उरई। कृषि विभाग की टीम को कई दिनों से नकली खाद बनाने की सूचना मिल रही थी। इस पर शनिवार को नदीगांव, डकोर क्षेत्र में टीम ने छापेमारी की है। इसके साथ ही टीम ने झांसी जिले के शांहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिमिरिया से एक पिकअप पकड़ी है। पुलिस ने तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है। बताया कि इन्हीं लोगों ने डकोर क्षेत्र में खाद की सप्लाई की थी। शाम को टीम ने शहर के एक कोंच रोड स्थित एक गोदाम में छापेमारी की है। वहां भी टीम जांच पड़ताल में जुटी है।