फोटो - 35 पहलवानों के हाथ मिलवाते अतिथि। संवाद
एट। थाना क्षेत्र के पिरौना गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में एक से बढ़कर एक पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहली कुश्ती पुष्पेंद्र (ओरछा) और राजू (छतरपुर) के बीच हुई। इसमें पुष्पेंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।
दूसरी कुश्ती महिला पहलवानों के बीच कंचन (गोंडा) और बैशाली (दिल्ली) के मध्य हुई। इसमें महिला पहलवानों के जज्बे और कौशल को देख दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। तीसरी कुश्ती दिलीप राजा (भरसूड़ा) और कार्तिक (कुठौंदा) के बीच हुई। इसमें दिलीप राजा ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में जालौन जिले सहित आसपास के कई जिलों से आए पहलवानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने फीता काटकर पहली कुश्ती के साथ किया। कुश्ती जीतने वाले पहलवानों को मेडल पहनाकर नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दर्शकों ने पहलवानों की कुश्ती का भरपूर आनंद लिया और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।