जालौन। जिले में दो दिवसीय दौरे पर आए नोडल अफसर धीरज साहू ने मंगलवार को जालौन के राजकीय महाविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेढऱ थाना आदि का निरीक्षण किया। महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए कई जगह खुदाई कराकर नमूनों को लिया और जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं वार्डों के निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। वहीं अन्य जगह निरीक्षण में मिली खामियों पर जिम्मेदार अधिकारियों की फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।
बुधवार सुबह दस बजे नोडल अधिकारी व परिवहन आयुक्त धीरज साहू सबसे पहले जालौन में फुंदी सिंह लौना राजकीय महाविद्यालय पहुंचे। जहां प्राचार्य सालिगराम अनुपस्थित मिले, पता करने पर जानकारी हुई कि प्राचार्य छुट्टी पर है। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में पंजीकृत 298 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर नाराजगी जताई और स्थिति में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में अन्य स्टाप के बारे में पूछा, जिस पर बताया गया कि विद्यालय में 15 प्रवक्ताओं के पदों के सापेक्ष 12 पद खाली पड़े हैं।
बीकॉम व एमकॉम के छात्र, छात्राओं को पढ़ाने के लिए प्रवक्ता ही नहीं हैं। उन्होंने महाविद्यालय में हाल में बने कमरों में खुदाई कराकर गुणवत्ता को परखा एवं टुकड़ों के नमूने जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कालेज के रास्ते की इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी में इलाज के लिए आए मरीजों से बातचीत की। इस दौरान जगतपुर अहीर के आशीष एवं चिमनदुबे अस्पताल में बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत की। इस पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए बाहर की दवाएं न लिखने की चेतावनी दी। उन्होंने सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश राजपूत से आयुष्मान भारत योजना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद नोडल अधिकारी वार्ड नंबर 4 मोहल्ला फर्दनवीस व चुर्खीवाल में निरीक्षण के दौरान रास्ते में सड़क उखड़ी व नाले की सफाई न होने पर उन्होंने ईओ से नाराजगी जताते हुए सफाई निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक भोलाराम ने नगर पालिका के टैक्स कर्मचारी द्वारा एक मकान पर ही दो मकान दर्शाकर हाउस टैक्स बनाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने पालिका कर्मचारियों को जांच कर उसे सही कराने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम डॉ. मन्नान अख्तर, सीडीओ पीके श्रीवास्तव, एडीएम प्रमिल कुमार, डीआईओएस भगवत पटेल, एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल सुनील कुमार सिंह आदि रहे।
नोडल अफसर धीरज साहू ने रेढऱ गांव में पहुंचकर जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने गांव में शौचालय व आवास योजना के लाभार्थियों से बात कर स्थिति का जाएजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के विषय में बताया। चौपाल के बाद उन्होंने रेढऱ थाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण पर आए नोडल अफसर बुधवार को अपने पूरे तेवर में दिखे। कार्यक्रम के तहत उन्हें जिले के प्रस्तावित कुठौद, जालौन ब्लाक में निरीक्षण करना था, लेकिन सुबह उन्होंने जालौन ब्लाक के निरीक्षण से पहले बिजली विभाग के ऊर्जा भवन का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के अधिकारियों में हड़कंप मच गया, जिसमें उन्होंने आफिस की स्थिति व फाइलों के रखा रखाव पर संतुष्टि दिखाई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नलकूप के आवेदन के लिए विभाग आए कई किसानों से बातचीत की।