उरई। कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की मौत प्रकरण में नामजद महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर विभाग लगातार सख्त होता जा रहा है। एसपी के निर्देश पर आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई तय है। फिलहाल वह उरई जेल में बंद है।
कुठौंद थाना प्रभारी की मौत होने के बाद पत्नी माया राय ने कोंच में तैनात महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। एसपी ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। फिलहाल वह जेल में बंद है।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है, इसलिए आरोपी महिला सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी जिसमें उसकी बर्खास्तगी भी शामिल है।