उरई। ग्वालियर से बरौनी जा रही ट्रेन नंबर 11123 छपरा मेल महिला को प्रसव पीड़ा होने से स्टेशन पर उतारकर एंबुलेंस से जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसने बेटे को जन्म दिया।
रविवार को दोपहर साढ़े चार बजे जब छपरा मेल भुआ स्टेशन से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के स्लीपर कोच नंबर एस 9 में सवार महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। कोच में ड्यूटी कर रहे डिप्टी सीटीआई अभिषेक सेंगर व आशीष श्रीवास्तव ने तत्काल कंट्रोल को सूचना दी। सूचना पर उरई स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस पीके निरंजन ने तत्काल एंबुलेंस को फोन लगाकर बुलाया। तब तक ट्रेन उरई स्टेशन पर आ चुकी थी।
सूचना पर पहुंची आरपीएफ की महिला कांस्टेबल सीमा सिंह, चंद्रकेश गुप्ता, अरुण कुमार, प्वांइट मैन प्रकाश व्हीलचेयर लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला कांस्टेबल की मदद से महिला को चेयर में बैठाकर प्लेटफार्म के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में एंबुलेंस में बैठाया। वहां से उसे महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। आरपीएफ दरोगा देशराज सिंह ने बताया कि ग्वालियर निवासी सोनी गुप्ता (20) अपने पति रोशन गुप्ता के साथ ग्वालियर से बरौनी जा रही थी। सूचना पर महिला को समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके चलते ट्रेन को पांच मिनट अतिरिक्त रोककर चलाया गया। महिला अस्पताल में गर्भवती ने करीब छह बजे बेटे को जन्म दिया। जच्चा बच्चा सुरक्षित है।