उरई/कोंच। पहला मौका था, जब ईद के मौके पर सड़कों पर भीड़ नहीं थी। मस्जिद और ईदगाह भी खाली पड़े रहे पर लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं थी। सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन करते हुए मुस्लिम समुदाय ने घरों में ही नमाज अदा की और फिर फोन से एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद भी दी। हालांकि इस बार गले मिलने से भी बचा गया। विभिन्न संप्रदाय के लोग कोरोना के चलते भले ही इस बार आपस में गले नहीं मिले पर एक-दूसरे का मिठाई से मुंह जरूर मीठा किया। पुलिस भी सड़कों पर सतर्क नजर आई। जगह जगह गश्त की गई और लोगों से घरों के भीतर नमाज पढ़ने की अपील की गई।
कोरोना वायरस के चलते सोमवार को ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। ईदगाह में पांच और नगर की तमाम मस्जिदों में दो-दो लोगों ने प्रशासन की हिदायतों के अनुरूप नमाज अदा की। मुस्लिम बंधुओं ने लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों के अंदर नमाज अदा की। कोंच में ईदगाह में प्रशासन की निगरानी में मौलाना सगीर अहमद कासमी ने नमाज अदा कराई। इस मौके पर सदर ईदगाह अब्दुल समद खां लंबरदार और नमाजी मौजूद रहे। दरगाह आस्ताना-ए-कलंदरिया में इमाम हाफिज अताउल्लाह खां गौरी, जामा मस्जिद पुरानी तहसील पर हाफिज रजवान, जामा मस्जिद आजाद नगर में कारी निसार अहमद, मस्जिद काजियान में हाफिज काजिम अली, मरकज मस्जिद में हाफिज इरशाद अंसारी, मस्जिद कुरैशियान में हाफिज कारी मोहम्मद असलम रजा ने ईद की नमाज पढवाई। बादनमाज मुल्क में अमन चैन कायम रहने व महामारी कोरोना वायरस के खात्मे के लिऐ दुआ की गई।
सड़क पर निकले लोगों को वापस भेजा
कोंच। ईद के चलते मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पूरे दिन पुलिस की गश्त रही। इबादतगाहों के बाहर भी दरोगा और सिपाही पूरी मुस्तैदी से डटे रहे। एडीएम प्रमिलकुमार सिंह और एएसपी डॉ. अवधेश सिंह भी स्थिति का जायजा लेनेे कोंच पहुंचे। सड़कों पर जहां कभी भी लोग नमाज के लिए मस्जिदों की ओर बढ़ते नजर आए तो उन्हें अधिकारियों ने वापस घरों के लिए भेज दिया। इस मौके पर एसडीएम अशोक कुमार, सीओ राजीवप्रताप सिंह, तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार संजय, कोतवाल इमरान खान आदि रहे।
सेंवई पर भी दिखा कोरोना का खौफ
कोंच। ईद के मौके पर सेंवई खाने और खिलाने की परंपरा पर भी कोरोना का खौफ साफ दिखा। एक तरफ जहां मुस्लिम बंधु भी लोगों को सेंवई की दावत पर बुलाने में संकोच करते दिखे तो दूसरी तरफ ज्यादातर मुस्लिम बंधु ‘न किसी के यहां जाना है और न ही किसी को अपने यहां बुलाना है’ की अवधारणा को अपनाते हुए देखे गए। इसे लोगों की जागरुकता ही समझ सकते हैं।
बिना हेलमेट, मास्क पर बाइकर्स के चालान
कोंच। हर बार की तरह इस बार ईद पर बाइकें दौड़ती कम ही नजर आईं। जिन युवाओं ने ऐसा करने का प्रयास भी किया उन्हें पुलिस की सख्ती का सामना करना पड़ा। नगर में जगह-जगह पर तैनात पुलिस फोर्स और अधिकारियों ने तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले, बिना मास्क और हेलमेट पर बाइकों से निकले लोगों के चालान भी किए। चेकिंग के दौरान एसडीएम अशोक कुमार व सीओ राजीव प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
बच्चों में भी दिखा जोश, दी मुबारकबाद
मुहम्मदाबाद। डकोर क्षेत्र में भी लॉकडाउन के चलते लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की। बच्चों ने भी एक दूसरे को मुबारकबाद दी। मस्जिदों में 2 से 5 लोगों ने ही नमाज अदा कराई। पीरो वाली मस्जिद में हाफिज अकरम रजा ने नमाज अदा कराई। रहमानिया मस्जिद में हाफिज अंसार, ईदगाह में हाफिज शाहिद नमाज अदा कराई। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। डकोर कोतवाल बीएल यादव गश्त के दौरान माइक से एनाउंस करते रहे कि घरों में नमाज की जाए और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जाए। वहीं रिसालत बाबा के आवास पर हिंदू भाइयों ने मुबारकबाद दी और सेंवई से मुंह मीठा किया। पर्व को लेकर बच्चों में भी काफी उत्साह नजर आया। छोटे बच्चे भी एक-दूसरे को मुबारकबाद देते दिखे।
भाई आमिल को ईद की बधाई देती बहन- फोटो : ORAI
मोहम्मदाबाद में रिसालत बाबा के आवास पर सिव ई खाते हिंदू भाई- फोटो : ORAI
रामपुरा में घरों में नमाज अदा करते लोग- फोटो : ORAI
मोहम्मदाबाद में ईदगाह में पांच लोग नमाज पढ़ते- फोटो : ORAI
ईदगाह के बाहर तैनात पुलिस फोर्स- फोटो : ORAI
ईद पर कस्बा सरावन में गश्त करती पुलिस- फोटो : ORAI