जालौन में ब्लॉक के बाहर नारेबाजी करते प्रधान
- फोटो : ORAI
जालौन। गांव में विकास कार्यों की जांच के दौरान हुए विवाद में दबंगों ने गांव के प्रधान व सचिव के साथ मारपीट कर सरकारी अभिलेख छीन लिए थे। इस मामले में पंजीकृत मुकदमे में धाराएं बढ़ाने एवं दोषियों की दो दिन के अंदर गिरफ्तारी की मांग पर ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानों ने विकास खंड परिसर में प्रदर्शन किया। प्रधानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई न होने पर शासकीय कार्य न करने एवं गोशालाओं का संचालन बंद करने की चेतावनी दी।
बता दें कि ब्लाक के ग्राम प्रतापपुरा में विकास कार्यों में अनियमितता की जांच के लिए बुधवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी जीआर प्रजापति के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम आई थी। ग्राम प्रधान दीपक श्रीवास्तव का आरोप है कि गांव में स्थित प्राइमरी पाठशाला में जब विकास कार्यों की जांच की जा रही थी। तभी गांव के ही दबंग राजनारायण अपने साथियों के साथ आए और प्रधान व सचिव के साथ अभद्रता व मारपीट कर दी थी। हंगामे के बाद जांच टीम चली गई। प्रधान ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस द्वारा उक्त मुकदमे में दर्ज धाराओं से प्रधान संतुष्ट नहीं हैं।
गुरुवार को ब्लाक के लगभग आधा सैकड़ा प्रधान व सचिव विकास खंड परिसर में एकत्रित हुए। जहां उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी व मुकदमे में धाराएं बढ़ाने के लिए धरना दिया व प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले से संबंधित एक ज्ञापन एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला को सौंपकर बताया कि दो दिन के अंदर मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी कराई जाए एवं मुकदमे में धाराओं को भी बढ़ाया जाए। ऐसा नहीं होता है तो प्रधानों ने गोशालाओं के संचालन को बंद करने एवं शासकीय कार्यों को न करने की बात कही। इस दौरान प्रधान दीपक श्रीवास्तव प्रतापपुरा, जितेंद्र, विमल, महेंद्र, संदीप सेंगर, महावीर सिंह, धीरेंद्र, जसवंत सिंह, वीरसिंह आदि रहे।