महेबा। रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों नेे प्रधान की मां के साथ मारपीट की। महिला ने थाने पहुंचकर तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल का कहना है कि हल्का इंचार्ज की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मैनूपुर के मजरा धर्मपुरा के प्रधान रामकेश की मां राजरानी सोमवार सुबह गांव में किसी काम से जा रही थीं। तभी गांव के रामसिंह पुत्र गंगाराम ने सार्वजनिक रास्ते से निकलने का विरोध किया और उनका रास्ता रोक लिया। जब राजरानी ने विरोध किया तो रामसिंह, उसकी पत्नी रानी व पुत्र ध्रुव ने राजरानी को पीटना शुरू कर दिया। राजरानी के चीखने चिल्लाने पर उनके पति श्याम सुंदर व देवर महावीर आ गए। उक्त लोगों को देखकर हमलावर भाग गए। महिला ने कोतवाली पहुंचकर तीनों हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने प्रधान की मां को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है। कोतवाल मानिकचंद्र पटेल का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच हल्का इंचार्ज को सौंप दी गई है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।