फोटो-15-बस स्टैंड माधौगढ़ में जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
माधौगढ़। कस्बे के बस स्टैंड के पास सड़क के दोनों ओर मिट्टी न डाले जाने से बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। सड़क संकरी होने और किनारों पर गहराई होने से वाहन नीचे उतरने से बचते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार जाम में एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहन भी फंस चुके हैं, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जालौन से माधौगढ़ तहसील तक सड़क का निर्माण करीब आठ वर्ष पूर्व कराया गया था। इसके एक वर्ष बाद एट से भीखेपुर स्टेट हाईवे का निर्माण हुआ, लेकिन बस स्टैंड माधौगढ़ से रामपुरा की ओर जाने वाली लगभग 100 मीटर सड़क के किनारों पर आज तक मिट्टी नहीं डाली गई। इससे सड़क के दोनों ओर गहरे गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय दुकानदार रामनरेश सिंह, संदीप कुमार, लल्लूराम ने बताया कि सड़क पर जगह कम होने और किनारों पर गड्ढे होने के कारण वाहन चालक साइड लेने से कतराते हैं। इसी वजह से यहां अक्सर जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस चुकी है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है।
वर्जन
सड़क किनारे मिट्टी डलवाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर भेजा जा रहा है। स्वीकृत होते ही सड़क के दोनों ओर मिट्टी डलवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- पुनीत, जेई पीडब्लूडी