कदौरा। इलाके के कोटेदारों ने ई-पॉस मशीन रिचार्ज करने वाली प्राइवेट कंपनी के इंजीनियरों ने पैसे ले लिए लेकिन मशीन रिचार्ज नहीं हुई है। कंपनी के इंजीनियर से वापस पैसा मांगा तो धमकी देते हैं। कोटेदारों ने पूर्ति निरीक्षक से इस मामले की शिकायत की है। वहीं पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। इंजीनियर को तीन दिन में पैसा वापस करने की चेतावनी दी गई है। पैसा वापस नहीं किया गया तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ब्लॉक क्षेत्र के राशन विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने बिजली बिल जमा करने के लिए उनको आदेश दिया था। ब्लॉक क्षेत्र के हरचन्द्रपुर के रमाकांत व इटौरा बावनी के नसीम खान ने पूर्ति निरीक्षक को शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उन्होंने पांच-पांच हजार रुपये वालेट रिचार्ज के लिए ब्लॉक इंजीनियर को एक माह पूर्व दिए थे। उन्होंने अब तक रिचार्ज नहीं किया। कई बार कहा लेकिन आश्वासन देकर टरका दिया गया।
राशन विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि ब्लॉक इंजीनियर दर्जनों राशन विक्रेताओं से वालेट रिचार्ज के नाम पर पांच पांच हजार रुपये की ठगी कर चुके हैं। विरोध करने पर धमकी दी जाती है। वहीं पूर्ति निरीक्षक अजीत सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच चल रही है अगर इंजीनियर ने तीन दिन में राशन विक्रेताओं के रुपये वापस नहीं किए तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।