उरई/ कोंच। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान और जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बनाजी के निर्देशन में सभी मंडलों में मंडल एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने पश्चिम बंगाल में भाजपाइयों की हत्या के विरोध में कोविड नियमों का पालन करते हुए घर पर ही धरना दिया। भाजपाइयों ने राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
कोंच संवाद के अनुसार, कोंच नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया के नेतृत्व में भाजपा कोंच नगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने अपने घरों पर धरना देकर पश्चिम बंगाल की घटनाओं पर विरोध जताया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के गुंडों द्वारा भाजपा के कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला, हत्या, आगजनी और महिलाओं के साथ बर्बरता तथा भाजपा कार्यालय में आगजनी और दुकानदारों के साथ लूटपाट की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। तृणमूल कांग्रेस के अराजक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की है।