एट। जिला प्रशासन की रोक के बाद भी चुनाव में जीते प्रधान प्रत्याशी ने अपने समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकाला। इस पर कोटरा पुलिस ने प्रधान व उनके एक दर्जन से अधिक समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसी तरह डकोर, आटा और कोटरा पुलिस ने भी कोविड नियमों के उल्लंघन पर रिपोर्ट दर्ज की है। इन मामलों में भीड़ एकत्र होने का आरोप है।
बता दें तीन मई को सोमवार दोपहर कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुकुरु में नवनिर्वाचित चुने गए प्रधान प्रवीण कुशवाहा ने अपने समर्थकों के साथ हाथों में झंडे लेकर जुलूस निकाला था। जबकि प्रशासन की ओर से कोरोना कर्फ्यू के चलते इस पर सख्त पाबंदी थी। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने विजय जुलूस में शामिल नवनिर्वाचित प्रधान एवं कुछ समर्थकों को हिरासत में लिया था। बाकी समर्थक पुलिस को देखकर मौके से भाग खड़े हुए थे।
कोटरा पुलिस ने बताया कि प्रधान व उनके 14 समर्थकों के खिलाफ कोविड नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जुलूस का वीडियो वायरल हुआ है उसी के माध्यम से फरार समर्थकों की तलाश की जा रही है। इसी तरह डकोर कोतवाली क्षेत्र के गांव जैसारी में दर्जनों लोगों के साथ जुलूस निकाल रहे वीरपाल निवासी जैसारी व 20-25 लोगों के खिलाफ कोविड गाइड लाइन का पालन ना करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
कदौरा थाना के उपनिरीक्षक अजय कुमार ने 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोंच में भी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने एसआरपी इंटर कालेज में 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।