शहर में बैरिकेडिंग देखते आईजी, एसपी व अन्य अधिकारी
- फोटो : ORAI
उरई। शासन द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जो भी गाइड लाइन जारी हुई है उसका पूरी तरह से शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पालन कराया जाए। किसी भी सूरत में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लापरवाही न बरतें बल्कि सतर्क रहें। यह निर्देश शनिवार को शहर में भ्रमण करते हुए झांसी रेंज के आईजी व जिले के नोडल अधिकारी सुभाष सिंह बघेल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से नजरें भी रखवाईं।
जिले में तीन दिन के प्रवास पर आए झांसी रेंज के आईजी व जिले के नोडल अधिकारी सुभाष सिंह बघेल व एसपी सतीश कुमार ने शनिवार को बंद के मद्देनजर शहर के मेन चौराहों, बाजारों व मुख्य रास्तों पर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए कि शासन द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जो भी गाइड लाइन जारी हुई है उसका पूरी तरह से शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पालन कराया जाए। किसी भी सूरत में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लापरवाही न बरतें । जितना हो सके पुलिस बाजारों व मुख्य रास्तों पर तैनात रहे। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती की जाए और मजबूरी या परेशानी में घर से निकले लोगों की मदद करें।
नोडल अधिकारी ने पुलिसकर्मियों की ली मीटिंग
उरई। झांसी रेंज के आईजी व पुलिस नोडल अधिकारी सुभाष सिंह बघेल ने शनिवार शाम पुलिस अधीक्षक डॉ सतीश कुमार के साथ पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी सीओ, कोतवालों और थानेदारों के साथ कानून-व्यवस्था से संबंधित मीटिंग ली जिसमें महत्वपूर्ण बिंदुओं व कोविड-19 से बचाव के लिए विभिन्न उपायों के संबंध में संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान आईजी सभी थानेदारों को अपने अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर व वांटेड अपराधियों पर अंकुश लगाने का आदेश भी दिया।