कालपी। क्षेत्र में शुक्रवार को एक और फर्जी बैनामा कांड को समय रहते रोक लिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड सहित छह लोगों को हिरासत में लिया।
छौंक फर्जी बैनामा कांड को लोग अभी भूले नहीं है, जिसमें विद्यावती नामक महिला की जमीन करोड़ों में बेची गई थी और जांच अभी भी जारी है। इसी बीच शुक्रवार को नया मामला सामने आ गया। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी गंभीर सिंह ने बताया कि उनके परिवार की 20 बीघा जमीन बिकाऊ थी। इसके लिए उन्होंने खतौनी मुहारी गांव के बादल खां को दी, लेकिन बाद में पता चला कि बादल खां ने हमीरपुर जनपद के सरीला क्षेत्र के ममना निवासी दीपक तिवारी के साथ मिलकर उनके चाचा वासुदेव सिंह और अन्य तीन लोगों के फर्जी आधार कार्ड बनाकर बैनामा कराने की साजिश रची। समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस ने एक अधिवक्ता के चैंबर में बैठे आरोपियों को हिरासत में लिया। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामला कदौरा थाना क्षेत्र का है, इसलिए आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस करेगी।